राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनना अब मुश्किल: रामदास अठावले

0 अठावले दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर, एसआईआर पर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर दिया जोर

रायपुर। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनना अब मुश्किल है। उन्होंने कहा कि 2029 में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ क्रिकेट खेलेंगे और राहुल गांधी की विकेट लेंगे। अठावले दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर है, शुक्रवार को सिविल लाइन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने ने कहा कि जब मैं कांग्रेस में था, तब सोनिया गांधी को मैंने भी कहा था कि ढाई साल के लिए राहुल गांधी को पीएम बना दें। तब मेरी बात नहीं सुनी, अब तो उनका पीएम बनना मुश्किल है। क्योंकि पीएम मोदी के आने के बाद पूरा देश उनके साथ है। आने वाले चुनाव में भी बीजेपी और गठबंधन की जीत होगी। वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना जरूरी है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए, ताकि वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और सभी पात्र मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा पर जोर दिया।

*केंद्र सरकार की योजनाएं गिनाईं *

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज के सभी वर्गों के समान विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दलितों, आदिवासियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर उनका आसीन होना आदिवासी समाज की भागीदारी और सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

*महिला सशक्तीकरण पर जोर *

महिला आरक्षण विधेयक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोकसभा में सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने तथा महिलाओं के लिए 273 सीटें आरक्षित करने के प्रस्ताव के प्रति समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए छोटे उद्योगों, एमएसएमई, युवाओं और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है।