महादेव सट्टा केस : सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर

0 लंबी बहस के बाद कोर्ट ने दी मंजूरी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को पीएमएलए स्पेशल कोर्ट ने 19 नवंबर तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिमांड पर सौंप दिया है। 13 नवंबर को सौरभ को कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर स्थित पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां लंबी बहस के बाद कोर्ट ने ईडी की गिरफ्तारी और कस्टोडियल रिमांड की अर्जी स्वीकार कर ली। अब 19 नवंबर तक ईडी के अधिकारी उससे पूछताछ करेंगे।

सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोर्ट की अनुमति के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले सीबीआई की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने पर कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था, जिसके बाद ईडी ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए उसे अपनी हिरासत में लेने के लिए अदालत में आवेदन दिया था।

नॉन बेलेबल वारंट को लेकर कोर्ट में लंबी बहस चली। दोनों पक्षों का तर्क सुनने के बाद पीएमएलए स्पेशल कोर्ट ने ईडी की अर्जी स्वीकार कर ली। गिरफ्तारी के बाद ईडी ने सौरभ को कस्टोडियल रिमांड पर लेने के लिए आवेदन लगाया, जिस पर कोर्ट ने रिमांड मंजूर की।

*8 दिन की पूछताछ में कई पहलुओं पर जांच *

सीबीआई ने सौरभ से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की। जांच एजेंसी को यह पता लगाना है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका थी। सौरभ चंद्राकर को हाल ही में इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान से हिरासत में लेकर भारत लाया गया था।