प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर में सुरक्षाबलों के साथ दीपावली मनाई-कहा कि यह पहली दिवाली है, जब देश का प्रत्येक जिला नक्सलवाद से मुक्त है

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ के बस्तर के करणपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस में सुरक्षा कर्मियों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दीवाली का विशेष महत्व है। जब देश नक्सलवाद, माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई जीत चुका है। यह पहली दिवाली है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है। इसका बहुत बड़ा श्रेय आप जैसे लाखों, वीरों का, जवानों का, बेटे-बेटियों का, सुरक्षा कर्मियों का है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय करीब बीस राज्यों के दो सौ तीस से ज्यादा जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे। छत्तीसगढ़ के साथ बिहार, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश सहित देश का अधिकांश हिस्सा इस समस्या से ग्रस्त था। श्री मोदी ने कहा कि वर्ष दो हजार चार और दो हजार तेरह के बीच शहीद होने वाले सुरक्षाकर्मियों की संख्या नक्सलियों के मुकाबले अधिक होती थी। उस समय की सरकारें नक्सलवाद की समस्या का हल निकालने में विफल रही। प्रधानमंत्री ने कहा कि सैंतालीस वर्ष में पहली बार, पिछले एक वर्ष में किसी भी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ के जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी जान नहीं गंवाई है। प्रधानमंत्री ने सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, सीमा सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, भारतीय रिजर्व बटालियन, राज्य पुलिस बलों, बस्तर में तैनात महिला कमांडो सहित विशेष बलों के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री मोदी ने कहा कि जब हम राष्ट्रप्रथम की भावना के साथ काम करते हैं तो देश की शांति और सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। देश विकास की नई ऊचांईयों को भी छूता है और हर गरीब वंचित की विकास में भागीदार भी बढती है और इसलिए बीते बारह वर्षों में देश ने नक्सलवाद और अलगाववाद के खिलाफ ही लड़ाई नहीं जीती है, सिर्फ बल्कि देश ने गरीबी के खिलाफ भी बडी जंग जीती है।

इससे पहले, प्रधानमंत्री के बस्तर पहुंचने पर जवानों ने पूरे जोश के साथ देशभक्ति गीत गाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।