रायपुर। धमतरी के इंडोर स्टेडियम में दस से चौबीस जनवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के पुरूष अभ्यर्थी भाग लेंगे। इसके लिए भारतीय सेना ने प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं।
सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा मिली जानकारी के अनुसार इस भर्ती रैली के अंतर्गत जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क-स्टोर कीपर और अग्निवीर ट्रेड्समैन के पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न होगी। भर्ती रैली में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, रैली अधिसूचना में उल्लेखित सभी आवश्यक दस्तावेज और आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य होगा। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन केवल योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। अभ्यर्थी दलालों और प्रलोभन देने वालों से दूर रहें।
गौरतलब है कि भारतीय सेना द्वारा बीते तीस जून से दस जुलाई तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग लेने के पात्र होंगे।
