पुलिस विभाग में सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर की भर्ती परीक्षा के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण छह जनवरी से होगा शुरू 

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने पुलिस विभाग में सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर की भर्ती परीक्षा के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण की तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह प्रक्रिया छह जनवरी से छह फरवरी तक संपन्न कराई जाएगी। दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण परीक्षा सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, रायपुर और राजनांदगांव जिले में आयोजित होगी।
आयोग के अधिकारियों ने बताया कि अभ्यर्थियों को सुबह सात बजे निर्धारित स्थानों पर उपस्थित होना होगा। शारीरिक माप परीक्षण सुबह आठ बजे से शुरू होगा। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र बीते छब्बीस दिसंबर को जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।