कोरिया जिले से आये तीन नेत्र रोगियों का नेत्र रोग विभाग के डॉक्टरों की देखरेख में हो रहा उपचार

0 डॉक्टरों के मुताबिक आवश्यक दवा एवं इलाज़ के बाद स्थिति स्थिर

रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय स्थित नेत्र रोग विभाग सह क्षेत्रीय नेत्र अनुसंधान केन्द्र में कोरिया जिले से आये तीन नेत्र रोगियों को डॉक्टरों की देखरेख में गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान किया जा रहा है। चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. विवेक चौधरी एवं अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने मरीजों के उपचार एवं उचित देखभाल के लिए संबंधित विभाग को विशेष निर्देश दिए हैं। नेत्ररोग विभागाध्यक्ष डॉ. निधि पांडेय के नेतृत्व में अनुभवी एवं कुशल डॉक्टरों की टीम द्वारा तीनों मरीजों को आवश्यक मेडिकल एवं सर्जिकल उपचार प्रदान किया जा रहा है।

इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि कोरिया के जिला अस्पताल से आये पोस्ट-ऑपरेटिव एंडोफ्थालमाइटिस के दो मरीजों का ऑपरेशन किया गया है और संभावना है कि तीसरे मरीज को ऑपरेशन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यहाँ आये तीनों मरीजों की 15 जनवरी को कोरिया जिले में मोतियाबिंद की सर्जरी की गई थी। इसके बाद 16 जनवरी को दो मरीजों को इंट्राविट्रियल इंजेक्शन देने के बाद उन्हें रायपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। 17 जनवरी को दोनों मरीज आये और दूसरे दिन ही दोनों की विट्रेक्टॉमी की गई। 21 जनवरी को एक अन्य मरीज आया और इंट्राविट्रियल इंजेक्शन के बाद उसकी हालत स्थिर है। संभवतः उसके लिए विट्रेक्टॉमी की जरूरत न पड़े। एक मरीज को इंट्राविट्रियल इंजेक्शन देने के बाद एवं दो मरीजों की शल्यक्रिया के उपरांत उनके नेत्रों में सुधार प्रतीत हो रहा है। सभी मरीजों की उचित देखभाल एवं देखरेख चिकित्सा के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार नेत्र रोग विभाग के डॉक्टरों द्वारा किया जा रहा है।