रायपुर। कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने बुधवार को चार सूत्रीय मांग केन्द्र के सामान मंहगाई भत्ता, देय तिथि से लम्बित डीए एरियर्स, चार स्तरीय समयमान वेतनमान, केंद्र के सामान गृह भाड़ा भत्ता और 240 दिन के स्थान पर 300 दिन अर्जित अवकाश नगदीकरण को लेकर राजधानी रायपुर के कलेक्ट्रेट में मशाल रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सभा को कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा, चंद्रशेखर तिवारी, राकेश शर्मा, पंकज पांडेय, मनोज साहू एवं राज नारायण द्विवेदी ने संबोधित किया ।
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा है कि यदि सरकार चार सूत्रीय मांगों का निराकरण शीघ्र नहीं करती है तो 27 सितम्बर को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर प्रदेश के सभी कार्यालय एवं स्कूल बंद रखे जायेंगे। उसके बाद भी हमारी मांगें पूरी नहीं होती तो पूरे प्रदेश के कर्मचारी-अधिकारी अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
शालेय शिक्षक प्रधान पाठक संघ के प्रांताध्यक्ष मनोज साहू ने कहा है कि पिछली सरकार की तरह यह सरकार भी कर्मचारियों को डीए देने में टाल मटोल कर रही है, जिससे कर्मचारियों में व्यापक असंतोष पैदा हो गया है। यदि सरकार चार सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं करती तो 112 संगठनों का कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे।
मशाल रैली में उमेश मुदलियार, रीना राजपूत ,संतोष वर्मा ,जय साहू, सुरेश वर्मा, ओमकार वर्मा, दिनेश वर्मा, पीतांबर पटेल, पवन सिंह, संजय शर्मा, अश्वनी चेलक, सत्येंद्र देवांगन सहित फेडरेशन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।
