ईडी ने प्रदेश में शराब घोटाले में दो हजार करोड़ रूपये के भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग होने का किया दावा

 

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय-ईडी ने प्रदेश में शराब घोटाले में दो हजार करोड़ रूपये के भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग होने का दावा किया है। प्रेस को जारी एक विज्ञप्ति में ईडी ने कहा है कि धन शोधन निवारण अधिनियम-पी.एम.एल.ए. के प्रावधानों के तहत कल घोटाले के कथित मास्टर माइंड कारोबारी अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया है। ईडी ने कहा है कि इस मामले में बीते मार्च महीने में कई स्थानों पर तलाशी ली गई और कई व्यक्तियों के बयान दर्ज किए गए। इस दौरान एकत्र किए गए सबूतों से वर्ष दो हजार उन्नीस और दो हजार बाईस के बीच दो हजार करोड़ रूपये के भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के संकेत मिले हैं। ईडी ने यह भी कहा है कि अनवर ढेबर के नेतृत्व में एक संगठित आपराधिक सिंडिकेट राज्य में काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ राजनीतिक और वरिष्ठ नौकरशाह भी शामिल हैं। ईडी ने कहा कि फिलहाल जांच जारी है और इस सिलसिले में कई और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।