0 यातायात नियमों का करें पालन- अमृत कुजूर
भाटापारा। बिजाभट स्थित आधारशिला सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नगर यातायात और चैम्बर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वाधान में सड़क सुरक्षा पर सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार को संबोधित करते हुए उप पुलिस अधीक्षक यातायात अमृत कुजुर ने छात्र छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया हेलमेट, सीट बेल्ट सहित अन्य यातायात नियमों का पालन करते हुए लोग वाहन चलाएं। इससे सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सकती है। सड़क सुरक्षा सप्ताह में सभी लोग यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लें। प्राचार्य नितेश रंजन भास्कर ने सड़क सुरक्षा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सड़क हादसों को कम करना है। बढ़ते सड़क हादसों को लेकर सरकार गंभीर है। इसके लिए लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझना होगा। चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुभाष भट्टर ने कहा कि हमें स्कूल स्तर से ही बच्चों और युवाओं को सड़क के नियमों से अवगत कराना होगा। वहीं यातायात नियमों को लेकर जो लापरवाही बरत रहें उनके खिलाफ सख्ती करने की आवश्कता है। वहीं यदि दुर्भाग्यवश दुर्घटनाएं हो जाती हैं तो उसके बाद पीड़ित पक्ष को राहत पहुंचाने का काम शीघ्र अतिशीघ्र करना चाहिए। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्राचार्य नितेश रंजन भास्कर ने यातायात प्रभारी नरेश कांगे और यातायात के सभी पदाधिकारियों एवं चैम्बर ऑफ कॉमर्स का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में मुरली तनवानी, नंदकिशोर शर्मा सुनील दुबे, संतोष सिंघई, एवं संतोष अग्रवाल सहित स्कूल के छात्र छात्राएं स्टाफ के लोग मौजूद थे।
