हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा अक्ती त्यौहार


भाटापारा। कृषि विज्ञान केंद्र एवं दाऊ कल्याण सिंह कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र भाटापारा के संयुक्त तत्वाधान में 03 मई को अक्ती त्यौहार (अक्षय तृतीया) हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। विदित हो छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे के आव्हान एवं इन्दिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल के दिशा निर्देश पर राज्य के 27 कृषि विज्ञान केंद्र, 48 कृषि महाविद्यालय एवं 4 क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र में वृहद स्तर पर अक्ती त्यौहार मनाई जयेगी । इस अवसर पर अक्ती त्यौहार के सफल आयोजन हेतु विस्तृत दिशा निर्देश माननीय कुलपति डॉ. चंदेल द्वारा दिया गया है। उन्होने कहा कार्यक्रम के दौरान कृषकों को विभिन्न खाद्यान्न, दलहन, तिलहन, सब्जी, चारा एवं पौध सामग्री का वितरण किया जायेगा । नवीन बीज एवं कृषि तकनीक के बारे में प्रशिक्षण आयोजित कर बायो फर्टिलाइजर द्वारा वर्मीकम्पोस्ट इनरिचमेंट का जीवंत प्रदर्शन किया जायेगा । इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा विकसित एवं अन्य प्रचलित छोटे कृषि यंत्रों का भी वितरण किया जायेगा । महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं हेतु रंगोली, गीत, कविता, लेख एवं भासण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी ।प्रगतिशील कृषकों को इस अवसर पर सम्मानित भी किया जायेगा । दाऊ कल्याण सिंह कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र भाटापारा के अधिष्ठाता डॉ. राजेंद्र लाकपाले ने बताया छत्तीसगढ़ राज्य में अक्ती त्यौहार (अक्षय तृतीया) कृषि का एक महत्वपूर्ण त्यौहार है ।इस दिन से किसान अपने कृषि कार्य की कार्य योजना बनाते हैं । घर की कोठी में रखे गए बीजों की कुछ मात्रा को पूजा अर्चना कर जमीन पर उगाते हैं ताकि बीजों की जीवंतता एवं अंकुरण क्षमता का परीक्षण किया जा सके । कृषि विज्ञान केंद्र भाटापारा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. प्रदीप कश्यप ने बताया छत्तीसगढ़ शासन के कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य विभागों के समन्वय से जिले के प्रमुख गौठानों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जायेगा । गौठान समितियों एवं स्व सहायता समूहों की सहभागिता भी इस कार्यक्रम में सुनिश्चित की जाएगी ।