भाटापारा। अति शीघ्र स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अपने निर्मित नंबर एवं नियमित किराए के साथ किए जाने की तैयारी रेलवे जोन बिलासपुर के द्वारा की जा रही है यद्यपि अभी इसकी तारीख की कोई घोषणा रेलवे जून के द्वारा नहीं की गई है पर ऐसी उम्मीद है कि 15 तारीख तक यह प्रारंभ हो जाएगी। इस संदर्भ में रेल विभाग के द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। काफी लंबे समय से लोगों के द्वारा यह मांग की जा रही थी कि ट्रेनों में स्पेशल किराया बंद हो और ट्रेनों को अपने पुराने नंबर पर ही चलाया जाए बता दें कि रेलवे विभाग के द्वारा स्पेशल के नाम पर यात्रियों से भारी भरकम अतिरिक्त किराया वसूल किया जा रहा था। सूत्रों के अनुसार रेलवे बोर्ड से रेलवे जोन को इस आशय का आदेश मिल गया है कि स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अपने नियमित नंबर एवं नियमित किराए के साथ शुरू किया जाए। बताते हैं कि एमएस टी पर भी रेलवे जोन विचार कर रहा है उम्मीद है कि एमएसटी भी लागू कर दी जाएगी परंतु इसके साथ ही यात्रियों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा।
कोरोनाकाल के दौरान रेल यात्रियों को राहत देने रेलवे के द्वारा कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को स्पेशल नंबर के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शुरू किया गया था । इन स्पेशल ट्रेनों में मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ-साथ हॉलीडे स्पेशल ट्रेनें सम्मिलित है, जिनमें स्पेशल ट्रेनों के किराया लागू है ।
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी किए गए नए दिशा-निर्देश के अनुसार स्पेशल ट्रेनों के रूप में परिचालित की जा रही सभी मेल/एक्सप्रेस एवं हॉलीडे स्पेशल ट्रेनें अब अपने नियमित ट्रेन नंबरों एवं नियमित किराये के साथ परिचालित की जाएंगी । इसके साथ ही इन ट्रेनों में कोविड के प्रसार की रोकथाम के लिए जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करना यथावत रहेगा साथ ही मेल/एक्स. ट्रेनों के सामान्य श्रेणी के सीटों का आरक्षण भी जारी रहेगा ।
स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अब अपने नियमित नंबर एवं नियमित किराये के साथ किया जाएगा
