भाटापारा। नगर के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जुआ खेलते हुए 8 लोगों को शहर पुलिस ने गिरफ्तार किया है इन 8 लोगों में एक नगरपालिका का एल्डरमैन है वही अन्य लोग कोई पूर्व पार्षद है तो कोई कांग्रेस संगठन का पदाधिकारी इनके पास से 28140 रुपए की जब्ती की गई है। इन सब के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही कर मुचलके पर छोड़ दिया गया है। घटना को लेकर भाटापारा नगर में जबरदस्त चर्चा गर्म है। बता दें कि पिछले कुछ महीनों से लोक निर्माण विभाग का विश्राम गृह कुछ लोगों के लिए अड्डा बन गया था जहां पर लोग समय बे समय आते जाते रहे हैं परंतु लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की ओर से इस पर कोई रोक लगाने का प्रयास कभी नहीं किया गया । जिसकी परिणीति रविवार को छापे के रूप में सामने आई है। इस सारे मामले को लेकर कांग्रेस की छवि बेहद खराब हो रही है। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर ने इस मामले में कहा है कि वे इस मामले में पूरी जानकारी लेंगे फिर कार्यवाही करेंगे।
एसडीएम ने दिया कारण बताओ नोटिस
भाटापारा की एसडीएम लवीना पांडे ने लोक निर्माण विभाग के स्थानीय अधिकारी को इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एसडीएम लवीना पांडे ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग का कार्यालय दिन भर खाली रहा
सोमवार को लोक निर्माण विभाग का कार्यालय दिन भर खाली रहा लोक निर्माण विभाग में पदस्थ एसडीओ टी आर कौशिक सोमवार को कार्यालय नहीं आए। सोमवार को घटना के संदर्भ में उनकी प्रतिक्रिया लेने के लिए कार्यालय जाकर संपर्क करने की कोशिश की गई थी परंतु वे सोमवार को कार्यालय नहीं पहुंचे।
लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जुआ खेलते 8 लोग गिरफ्तार एल्डरमैन भी शामिल
