कलेक्टर छापा से बचाने के लिए पार्षद ने पीड़िता से मांगे 3 लाख, थाने में शिकायत

भाटापारा। मैं कांग्रेस पार्टी का नेता हू,, तुम लोग अपने घर दुकान में अवैध व्यापार करते हो, छापे की कार्यवाही से बचना है तो 3 लाख रुपये दे दो। ऐसी घुड़की देने वाले नगर पालिका परिषद के सभापति और जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुशील सबलानी के खिलाफ माता देवालय वार्ड निवासी श्रीमती उत्तरा केशरवानी ने शहर थाना में लिखित आवेदन देकर आतंकित और मानसिक आघात पहुचाने वाले के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। वहीं दूसरी तरफ नगर पालिका परिषद के पार्षद एवं सभापति सुशील सबलानी ने सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि यह सब आरोप मेरी छवि को पूरी तरीके से धूमिल करने का एक कुत्सित प्रयास है। जांच होगी उसमें सब स्पष्ट हो जाएगा।
स्थानीय माता देवालय वार्ड निवासी श्रीमती उत्तरा केशरवानी पति प्रमोद केशरवानी ने शहर थाना में एक शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि मेरे हार्ट पेसेंट पति अनाज लाइन में अपना पैतृक व्यवसाय अनाज का करते है। 28 सितम्बर को नगरपालिका कार्यालय में मेरे पति को बुलाकर पार्षद सभापति सुशील सबलानी ने कहा कि अनाज खरीदते बेचते आपका वीडियो कलेक्टर के माध्यम से खाद्य विभाग को मिला है और आपके घर छापा लगने वाला है।ये बात सुनते ही घबराकर मेरे पति घर आये,मुझे पूरी बात बताई।इस बीच जिला कांग्रेस महामंत्री और सभापति सुशील सबलानी आये और बोले मैं कांग्रेस नेता हु,कांग्रेस की हमारी सरकार है, तुम लोग अवैध व्यापार करते हो।
श्रीमती उत्तरा केशरवानी ने शिकायत में बताया कि सुशील सबलानी ने उनसे कहा कि तुम्हारी शिकायत कलेक्टर साहब को हुई है और खाद्य विभाग आपके यहाँ छापा मारने आ रहा है। खाद्य विभाग और कलेक्टर को छापा मारने से रोकना है तो 3 लाख रुपये दो। मैं कार्यवाही को रुकवा दूंगा। मैं डरी सहमी जमा कर रखी पूंजी में से 50 हजार रुपये निर्मल और संतोष के समक्ष उसको दे दी।
पीड़िता उत्तरा केशरवानी ने पार्षद सभापति सुशील सबलानी द्वारा दी जा रही लगातार धमकी से हमारा पूरा परिवार मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। इस मामले में उचित व सख्त कार्यवाही की जाए ।

प्रकरण की जांच जारी
शिकायत प्राप्त हुई है प्रकरण की जांच की जा रही है।जांच करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महेश कुमार ध्रुव, नगर निरीक्षक भाटापारा


मेरी छवि को धूमिल करने की कोशिश
मैं पूरी तरीके से पाक साफ हूं और मेरी छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
सुशील सबलानी,
पार्षद एवं सभापति नगर पालिका परिषद भाटापारा

Leave a Reply