दुर्ग। स्टील क्लब सेक्टर 8 से एरोबिक क्लब के 44 महिलाओं सहित 55 लोग नैनीताल में हुए भूस्खलन में फस गए हैं। बमुश्किल परिजनों से संपर्क होने पर उनके द्वारा दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल से सहयोग के लिए संपर्क किया गया। इस पर विजय बघेल के द्वारा नैनीताल के कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल राहत पहुंचाने का आग्रह किया है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील क्लब सेक्टर 8 से एरोबिक क्लब के 44 महिला सदस्य 6 पुरुष एवं 5 बच्चे 16 अक्टूबर को नैनीताल गए हुए थे । इसी दौरान वे गर्म पानी नामक जगह में पहुंचे तो वहां पर भूस्खलन हो गया। और वे सभी वहां फंस गए। किसी तरह उन्होंने दुर्ग में रहने वाले अपने परिजनों को मैसेज कर मदद की मांग की है। इस मैसेज के बाद परिजन ने यूनियन पदाधिकारी उज्जवल दत्ता के माध्यम से लोकसभा के सदस्य विजय बघेल के पास मदद के लिए पहुंचे। बघेल ने उन्हें मदद का भरोसा दिलाया है। विजय बघेल ने बताया कि उनके द्वारा नैनीताल के कलेक्टर से चर्चा कर तत्काल राहत पहुंचाने का आग्रह किया है। साथ ही परिवार जनों को ढाढ़स बधाया है।
किसी तरह से घूमने गए बच्चों में से किसी ने अपने पिता प्रसन्नजीत दास जो रसमड़ा स्थित सिंपलेक्स कंपनी में काम करते हैं, उन्हें मोबाइल से मैसेज किया कि उन्हें तत्काल मदद की जरुरत हैं। प्रसन्नजीत ने बताया कि पिछले 20 घंटे से उनके घर वाले और बच्चे वहां फंसे हुए हैं। भूस्खलन के कारण और मोबाइल चार्ज नहीं होने से उनसे बात नहीं हो पा रही है।
