रायपुर। देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने जाने पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि इसका श्रेय पूरे छत्तीसगढ़वासियों को जाता है। सभी प्रतिनिधि, संगठन, सभी अधिकारी कर्मचारियों ने इसके लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने बहुत अच्छे काम किए हैं और उसी की वजह से यह संभव हो पाया है।
आईएएनएस-सी वोटर गवर्नेंस इंडेक्स के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्री हैं। सीएम बघेल को सभी मुख्यमंत्रियों के बीच सर्वोच्च लोकप्रियता रेटिंग मिली है। दूसरे नम्बर पर उत्तराखंड और तीसरे नम्बर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री शामिल है। वहीं अंतिम तीन में तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और गोवा के मुख्यमंत्री के नाम शामिल हैं।
आईएएनएस ने अपनी सर्वे रिपोर्ट जारी करते हुए कहा किया मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ में कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें निजी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करना जैसी योजनाएं शामिल है, जिन्होंने कोविड -19 के लिए माता-पिता व अभिभावकों को खो दिया है। महतारी दुलार योजना के माध्यम से छत्तीसगढ सरकार ऐसे बच्चों की पढ़ाई का खर्च वहन कर रही है। सी वोटर के संस्थापक यशवंत देशमुख ने बताया, लोगों ने ऐसे मुख्यमंत्रियों को पसंद किया है, जिनमें निर्णय लेने की क्षमताएं हैं और जिनकी सीईओ की तरह ही काम करने की शैली है।
नीति आयोग की रिपोर्ट में शीर्ष
नीति आयोग की एसडीजी इंडिया इंडेक्स रिपोर्ट 2020-21 के मुताबिक, सतत् विकास लक्ष्यों के लैंगिक समानता पैरामीटर पर छत्तीसगढ़ राज्य ने भारत में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। बता दें कि नीति आयोग 115 संकेतकों पर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की प्रगति को ट्रैक करने का काम करता है। विगत वर्ष छत्तीसगढ़ ने लैंगिक समानता पैरामीटर पर 43 अंक अर्जित किए और भारत में सातवां स्थान हासिल किया। वहीं, इस साल छत्तीसगढ़ ने 61 स्कोर प्राप्त कर चार्ट में शीर्ष स्थान हासिल किया।
देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने जाने पर भूपेश बघेल ने कहा- धन्यवाद, सभी की मेहनत से यह संभव हो पाया
