रेलवे अंडर ब्रिज की खुली पोल, भरा पानी

भाटापारा। रेलवे अंडर ब्रिज की भी पोल खुल गई है, लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद अंडर ब्रिज में भी पानी भर गया है जिससे आने जाने वाले लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वही आज भी अंडर ब्रिज का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है जिसे शीघ्र पूरा करने की मांग लोगों ने की है। बता दें कि जब जब बरसात होती है अंडर ब्रिज में पानी भर जाता है जिसे निकालने की व्यवस्था रेलवे के द्वारा की गई है मोटर लगाकर पानी को बाहर निकाला जाता है परंतु मंगलवार को विद्युत आपूर्ति के ठप होने की वजह से अंडर ब्रिज में पानी काफी भर गया था जिससे आने जाने वाले लोगों को काफी तकलीफों का सामना करना पड़ा। इसके अतिरिक्त विशेष बात यह है कि रेलवे लाइन के नीचे जो बॉक्स लगाए गए हैं उससे भी पानी टपक रहा है इस मामले की पूरी जांच किए जाने की सख्त जरूरत है। इस प्रकार से इस ब्रिज के निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। अंडर ब्रिज में भी पानी भर जाने से लोगों में भारी नाराजगी है जब गाड़ियां ब्रिज के अंदर से गुजरती है तो दो पहिया वाहन व साइकिल में चलने वाले अथवा पैदल चलने वाले लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं इस प्रकार इस ब्रिज के निर्माण को लेकर अनेक सवाल हमेशा उठते रहे हैं अब जब बरसात का समय है तो रेलवे के द्वारा निर्मित अंडर ब्रिज की पोल खुल गई है यह अंडर ब्रिज पुराने बाजार रेलवे फाटक पर बनाया गया है। इधर रेलवे सूत्रों से पता चला है कि बॉक्स की रिपेयरिंग बरसात के बाद की जाएगी परंतु इसके निर्माण में जो लापरवाही बरती गई है उसकी जांच कौन करेगा यह अपने आप में बड़ा सवाल है। रायपुर डिवीजन के डीआरएम को इस मामले में अनिवार्य रूप से संज्ञान लेना चाहिए।

Leave a Reply