रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया में स्थित स्काई एलॉयज फैक्ट्री में सेलो टैंक के गिरने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य कर्मचारी घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में रोजाना की तरह काम चल रहा था। इस बीच, अचानक सेलो टैंक के नीचे गिर जाने से छह कर्मचारी दब गए। घटना की खबर लगते ही पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पांच कर्मचारियों को बाहर निकाला। इनमें से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। वहीं, दो कर्मचारियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक कर्मचारी की अभी भी तलाश की जा रही है।
इस बीच, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एलॉयज फैक्ट्री हादसे में तीन मजदूरों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को हादसे में घायल लोगों के राहत और बचाव के सभी उपाय करने और घायलों को इलाज की बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
रायगढ़ जिले के खरसिया में स्थित स्काई एलॉयज फैक्ट्री में सेलो टैंक के गिरने से तीन कर्मचारियों की मौत, मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया
