भाटापारा। नगर में विगत 83 वर्षों से लगातार चले आ रहे श्री अखंड राम नाम सप्ताह समारोह का समापन 31 अगस्त दिन मंगलवार को सुबह 6 बजे संपन्न हुआ। तत्पश्चात हवन पूजन के बाद भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की शोभा यात्रा निकाली गई, जो श्री राम नाम सप्ताह मंडप से प्रारंभ होकर मात्र 1 घंटे में वापस श्री राम नाम सप्ताह मंडप में आकर संपन्न हो गई। जबकि इसके पूर्व जब भी शोभायात्रा निकाली जाती रही है तब शोभायात्रा को शहर में घूमने में और वापस राम नाम सप्ताह मंडप पहुंचने में करीब 14 घंटे का समय लग जाता था। इस वर्ष कोरोना वायरस संक्रमण काल को देखते हुए समिति ने यह निर्णय लिया था कि भगवान श्री राम की शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी और ना ही किसी भजन मंडलियों को शोभायात्रा में आने का निमंत्रण दिया गया था परंतु दोपहर में अचानक ही भक्तजनों ने स्वयं होकर भगवान श्री राम की शोभायात्रा निकाली। इस शोभायात्रा में विशेष बात यह रही कि ज्यादातर लोगों ने कोरोना गाइडलाइन का पालन किया और रास्ते भर कहीं भी लोगों को पूजा पाठ करने नहीं दिया गया। कहीं भी भीड़ इकट्ठी होने नहीं दी गई और ना ही रथ से प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था थी। भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा श्री राम नाम सप्ताह मंडप से निकली और 1 घंटे के भीतर अपने पूर्व निर्धारित मार्ग से होती हुई वापस श्री राम नाम सप्ताह मंडप पहुंच गई। भाटापारा नगर सहित क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने इस बार बहुत श्रद्धा के साथ पूरे कार्यक्रम को लेकर संतोष व्यक्त किया। शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ सरकार के निगम मंडल के सदस्य सतीश अग्रवाल की भी महती भूमिका रही। इसके अतिरिक्त उत्साही भक्त युवकों की श्रद्धा देखते ही बन रही थी और युवकों ने आगे बढ़कर भगवान की शोभायात्रा निकाली। गत वर्ष को छोड़कर इसके पूर्व के वर्षों में शोभायात्रा वाले दिन 1लाख से अधिक लोग शोभायात्रा में शामिल हुआ करते थे जो कि इस वर्ष बमुश्किल सौ से डेढ़ सौ लोग ही शामिल हो सके। 7 दिन तक चले इस कार्यक्रम में लोगों ने पूरे भक्ति भाव के साथ इस बार भाग लिया और पूरे कार्यक्रम में शामिल हुए। समिति की ओर से संयोजक अनिल चांडक ने सभी लोगों का जिन्होंने प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया है उनके प्रति आभार व्यक्त किया है साथ ही विशेष रूप से प्रशासन का भी हृदय से आभार व्यक्त किया है।
अखंड राम नाम सप्ताह सम्पन्न, निकली भगवान राम की शोभायात्रा
