नईदिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के अटकलों को आलाकमान ने एक बार फिर खारिज कर दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने पद पर बने रहेंगे। आज नई दिल्ली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के बाद छत्तीसगढ़ के प्रभारी पीएल पुनिया ने साफ शब्दों में कहा कि ढाई-ढाई साल के बारे में राहुल गांधी से कोई चर्चा ही नहीं हुई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने पद पर बने रहेंगे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार के ढाई साल होने के बाद यह कयास लगाया जा रहा था कि मुख्यमंत्री को बदलकर दूसरे किसी को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। जबकि ऐसी कोई बात ही नहीं थी। आज दिल्ली में हाईकमान की बैठक में प्रदेश की विकास योजनाओं के बारे में ही चर्चा हुई है। ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई।
राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की बैठक करीब 3 घंटे तक चली। बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने नेतृत्व परिवर्तन की बात को सिरे से खारिज कर दिया। बैठक में पार्टी, संगठन और सरकार के कामकाज को लेकर समीक्षा की गयी। बैठक से बाहर निकले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी जी के साथ विकास योजनाओं को लेकर विस्तार से अलग-अलग चर्चा हुई है।
प्रभारी पीएल पुनिया ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि आज राहुल गांधी ने अलग-अलग संभागों की चर्चा की, वहां विकास योजनाओं को लेकर बातचीत की.. बस्तर, सरगुजा, बिलासपुर सभी संभागों पर बातचीत की है। किस तरह से काम करना है, किस तरह से योजनाओं को लेकर आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री बदलने और ढ़ाई-ढ़ाई साल को लेकर कोई चर्चा ही नहीं हुई है। वहीं, टीएस सिंहदेव ने कहा कि बैठक में अलग-अलग योजनाओं को लेकर चर्चा की गयी। संभागों में किस तरह से आगे काम करना है, पार्टी को किस तरह से काम करना है। मुख्यमंत्री के कार्यकाल के मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई।
