कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली पेट्रोल पंप के पास सोमवार देर रात बस और कार में जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में मरवाही विधायक केके ध्रुव के बेटे की भी मौत हो गई.
विधायक के बेटे प्रवीण कुमार ध्रुव समेत तीनों मृतक विद्युत विभाग में कार्यरत थे. घटना रात लगभग 2 बजे की है. घटना इतनी जबरदस्त थी कि तीनों शव कार में चिपक गए थे, जिसे गैस कटर के जरिये घण्टों रेस्क्यू कर निकाला गया.
जानकारी के मुताबिक, विद्युत विभाग में कार्यरत सहायक अभियंता प्रवीण कुमार ध्रुव अपने सहयोगी अधिकारी जूनियर इंजीनियर कुशल कुमार कंवर तथा ठेका श्रमिक शंकर सिंह पोर्ते के साथ बिंझरा से बांगों जा रहे थे. इसी दौरान बरपाली पेट्रोल पंप के समीप अम्बिकापुर की ओर से आ रहे रॉयल बस में जबरदस्त भिड़ंत हो गई. भिड़ंत इतनी जोरदार थी की तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल रात कोरबा जिले के कटघोरा के समीप हुए सड़क हादसे में 3 लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। मृतकों में शामिल श्री प्रवीण धु्रव मरवाही विधायक डॉ. के. के. ध्रुव के सुपुत्र हैं। मुख्यमंत्री ने इस सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिवारजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना प्रकट की है। श्री बघेल ने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
कार और बस में जोरदार भिड़ंत, मरवाही विधायक के बेटे समेत तीन की दर्दनाक मौत
