रायपुर। अवाम ए हिन्द सोशल वेलफेयर कमेटी के तत्वावधान में चलाए जा रहे सुपोषण अभियान के 216वें दिन रायपुर राजधानी के शासकीय अस्पतालों, डीकेएस अस्पताल में बस्तर, सरगुजा, कवर्धा, दंतेवाड़ा एवं अन्य जिला संभागों, दूरदराज गांव वन अंचलों से बीमार व्यक्तियों के इलाज के लिए आने वाले सैकड़ों मरीजों के परिजनों को संस्था के संस्थापक मोहम्मद सज्जाद खान के नेतृत्व में सक्रिय सदस्यों द्वारा पौष्टिक भोजन मुहैया कराया गया। साथ ही शहर के विभिन्न जगहों, फुटपाथ में जरूरतमंद, असहाय, निशक्तजनों को भी संस्था द्वारा रेलवे स्टेशन इत्यादि जगहों पर पहुंचकर निःशुल्क पौष्टिक भोजन बांटा गया।
विदित रहे संस्था का मुख्य उद्देश्य, कोई भी व्यक्ति किसी भी परिस्थिति में भूखा ना रहे, ना ही कोई भूखा सोए। व्यक्तियों के पास पैसे होते हुए भी पौष्टिक भोजन मिल नही पाता और लंबे समय से इलाज के लिए रुके मरीज के परिजनों को भी पैसों के अभाव में भोजन के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। इसी पीड़ा और दायित्वों का निर्वहन करने हेतु संस्थापक मो. सज्जाद खान एवं संस्था के सदस्य उन जरूरतमंदों और मरीज के परिजनों तक विगत सात महीनों से निरन्तर दोपहर एवं रात्रिकालीन का भोजन पहुँचा कर जरूरतमंदों की सहायता की जा रही है। आज के भोजन वितरण कार्य में संस्थापक, मो. सज्जाद खान के साथ पं. अनिल शुक्ल, ज़ुबैर खान, अनमोल जैन, अरहम खान एवं अन्य सदस्यों ने भोजन वितरण कार्य में सहयोग प्रदान किया।
