टोक्यो। टोक्यो ओलंपिक 2020 के दूसरे दिन साइखोम मीराबाई चानू ने भारत के लिए पहला मेडल जीतकर खाता खोल दिया है। मीराबाई चानू ने 49 किलो ग्राम वर्ग में 202 के कुल वजन के साथ सिल्वर मेडल जीत लिया है। उन्होंने स्नैच में 87 और क्लीन एंड जर्क में 115 किलो ग्राम का वजन उठाया। वहीं पहले स्थान पर चीन की हो जिहुई रही जिन्होंने स्नैच में 94 और क्लीन एंड जर्क में 116 में का वजन उठाया।
बता दें, चानू से पहले सिडनी ओलंपिक 2000 कर्णम मल्लेश्वरी ने वेटलिफ्टिंग में भारत को कांस्य पदक दिलाया था। कर्णम मल्लेश्वरी ने उस वक्त कुल 240 किलोग्राम भार उठाया था। वह स्नैच श्रेणी में 110 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 130 किलोग्राम भार उठाते हुए ओलंपिक कांस्य पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला थी।
वहीं भारत के युवा निशानेबाज सौरभ चौधरी ने भी पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। इस भारतीय खिलाड़ी ने क्वालीफिकेशन में दमदार प्रदर्शन करते हुए पहले स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। सौरभ ने छह सीरीज में कुल 586 का स्कोर किया। सीरीज दर सीरीज देखा जाए तो सौरभ ने 95, 98, 98, 100, 98, 97 का स्कोर किया।
उन्हें चीन के झांग वोबेन ने कड़ी चुनौती दी। इन दोनों में पहले और दूसरे स्थान की रेस चलती रही जिसमें भारतीय निशानेबाज आगे निकल गए। झांग दूसरे स्थान पर रहे। जर्मनी के रेइट्ज क्रिस्टियन से इन दोनों खिलाड़ियों को शुरू में अच्छी चुनौती मिली लेकिन वह इन दोनों को पीछे नहीं कर पाए और तीसरे स्थान पर रहे।
मुख्यमंत्री ने ओलंपिक में भारत की भारोत्तोलक मीराबाई चानू को रजत पदक जीतने पर दी बधाई और शुभकामनाएं
रायपुर/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने टोक्यो ओलंपिक में भारत की भारोत्तोलक मीराबाई चानू द्वारा रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मीराबाई चानू ने भारत देश को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है। मीराबाई चानू ने ओलंपिक खेलों में 49 किलोग्राम वर्ग की भारोत्तोलन प्रतियोगिता में कांटे के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पहला रजत पदक जीता है ।
