रायपुर। शराब प्रेमियों को अब और अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। होम डिलीवरी के अतिरिक्त अब दुकानों से भी शराब मिलेगी। इस संबंध में आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ निरंजन दास ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में शराब की ऑनलाइन होम डिलीवरी के लिए आर्डर निरंतर किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से आर्डर की त्वरित डिलीवरी की जा रही है। देखने को आ रहा है कि उपभोक्ता ऑनलाइन आर्डर करने के तत्काल बाद संबंधित शराब दुकानों में पहुंच रहे हैं। इस चीज को ध्यान में रखते हुए होम डिलीवरी और शराब दुकान से पिक-अप दोनों ही विकल्पों की सुविधा प्रदान करने की अनुमति दी गई है। जो शराब उपभोक्ता शराब दुकान से पिक-अप का विकल्प चयन करेंगे उन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन अग्रिम भुगतान के बाद कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किए जाने की शर्त पर फुटकर मदिरा दुकानों से शराब प्रदान किए जाने की अनुमति दी गई है। जो शराब दुकान से पिक-अप का विकल्प चयन करेंगे उन्हें संबंधित दुकान के मुख्य विक्रयकर्ता (सुपरवाइजर) की ओर से ओटीपी भेजी जाएगी। जिन्हें ओटीपी प्राप्त होगी वही शराब दुकानों के काउंटर से ओटीपी दिखाकर शराब प्राप्त कर सकेंगे।जिन उपभोक्ता ने होम डिलीवरी के विकल्प का चयन किया है उन्हें निर्धारित पते पर शराब की होम डिलीवरी की जाएगी। शॉपिंग मॉल में स्थापित दुकानें बंद रहेंगी।
देखें आदेश

