केन्द्र सरकार ने कहा – लाॅकडाउन के दौरान उचित दर की दुकानों को सभी दिन खोला जाए – दिनभर लाभार्थियों को अनाज वितरित करें

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने लॉकडाउन के कारण राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि नियमित बाजार खुलने के प्रतिबंधित समय से उचित दर की दुकानों को छूट दी जाए। केंद्रीय खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग ने सभी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को परामर्श जारी किया है कि उचित दर की दुकानों को महीने के सभी दिन खोला जाए और दिनभर लाभार्थियों को अनाज वितरित किया जाए।
मंत्रालय ने कहा कि इससे कोविड नियमों का समुचित पालन करते हुए सभी लाभार्थी सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तीसरे चरण में अनाज ले सकेंगे। केन्द्र ने पिछले महीने मई और जून के दौरान इस योजना के तीसरे चरण के तहत लगभग अस्सी करोड़ लोगों को निःशुल्क अनाज उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत केन्द्र, प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिमाह पांच किलोग्राम अनाज निःशुल्क उपलब्ध करा रहा है।

Leave a Reply