दुर्ग/ जिले के धमधा ब्लॉक के ग्राम बरहापुर में कल फूड पार्क के लिए भूमिपूजन हुआ। यहां 22 एकड़ क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये की लागत से फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स को बुनियादी सुविधाएं दी जाएंगी। इसमें बिजली, पानी, ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं की आधारिक संरचना खड़ी की जाएगी। यहां शीघ्र ही 4 एकड़ और 2 एकड़ के 2 यूनिट के लिए भूमि भी आबंटित की जाएगी। ये फिश फूड और सीड पर काम करेंगी। यह कंपनी विश्वनाथ एग्रोटेक और नेचर वाल बॉयोटेक हैं। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि सीड ग्रेडिंग यूनिट, फूड प्रोसेसिंग यूनिट की और 2 इकावईयों की स्थापना कर अतिशीघ्र शुभारंभ किया जाएगा। केला, पपीता, सब्जी , टमाटर की यूनिट भी शीघ्र आरंभ होगी। इनमें अनुदान और अन्य लाभ मिलेंगे। गन्ने की इकाई भी इस क्षेत्र में लगाने के लिए प्रयासरत है। कृषि पर आधारित उद्योगों की स्थापना हेतु धमधा एवं साजा क्षेत्र में अधिकाधिक यूनिट लगाए जाने पर जोर दिया जा रहा है। उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के बावजूद भी प्रगति के कदमों की रफ्तार पर कोई व्यवधान नहीं आया। प्रदेश की औद्योगिक नीति महाराष्ट्र, कर्नाटक और अन्य राज्यों की नीति के वृह्द अध्ययन के बाद बनाई गई है। वर्तमान औद्योगिक नीति को हमारे अधिकारियों ने फील्ड में जाकर वस्तुस्थिति को समझते हुए तैयार किया है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ की नीति सबसे बेहतर नीति साबित हुई है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल प्लान्ट भी शीघ्र ही आरम्भ होंगे। । धमधा में सब्जी और फल की अत्यधिक उपज होती है। फूड पार्क की स्थापना से स्थानीय उपज का वाजिब मूल्य कृषकों को प्राप्त होगा। फूड पार्क की व्यवस्थित कार्ययोजना का समुचित विकास अति शीघ्र प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के अन्त में राजेंद्र तिवारी महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र दुर्ग द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित दिया गया।
धमधा ब्लॉक के ग्राम बरहापुर में फूड पार्क का हुआ भूमिपूजन, 2 यूनिट के लिए भूमि भी होंगी शीघ्र आबंटित
