विधायक वोरा की पहल से शहर को मिले 19 करोड़, मुख्य अभियंता से चर्चा के बाद जारी हुई 14वें वित्त की राशि

दुर्ग/ वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा के लगातार प्रयासों से दुर्ग नगरीय निकाय क्षेत्र के विभिन्न कार्यों के लिए 14वें वित्त आयोग की बहुप्रतीक्षित राशि जारी कर दी गई है। कोविड पॉज़िटिव आने के पहले महापौर धीरज बाकलीवाल के आग्रह पर श्री वोरा ने नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया से शहरी क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं के लिए 5 करोड़ की राशि स्वीकृत कराने के साथ ही 14वें वित्त में प्रस्तावित 18 करोड़ 86 लाख से अधिक के प्रस्तावों को भी जल्द स्वीकृत करने का आग्रह किया था। वर्तमान में होम आइसोलेशन में होने के बावजूद श्री वोरा ने विकास कार्यों के प्रति सक्रियता रखते हुए शुक्रवार को प्रमुख अभियंता जी. एस. ताम्रकार से दूरभाष पर चर्चा कर राशि स्वीकृत करने को कहा जिसके बाद प्रमुख अभियंता द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए इस आशय का पत्र तत्काल जारी करने आश्वस्त किया गया।
 19 करोड़ के प्रस्तावों में तय मानदंडों के अनुरूप नहीं बनाए गए गौरवपथ के पुनर्निर्माण हेतु 6.65 करोड़, गंजपारा से शिवनाथ नदी मुक्तिधाम मार्ग उन्नयन हेतु 4.85 करोड़, शहर में नाला एवं नाली निर्माण हेतु 6 करोड़, वाहन एवं उपकरणों की खरीदी के लिए 1.36 करोड़ की राशि शामिल है। उपकरणों में 2 नग जेसीबी, 10 नग ऑटोमैटिक ऑटो व दो नग हयड्रोलिक ट्रेक्टर एवं ट्राली की खरीदी की जाएगी।
 श्री वोरा ने निकाय मंत्री डहरिया के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शहर के विकास कार्यों के लिए राशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी किन्तु यह आवश्यक है कि नगर निगम का प्रशासनिक अमले में इच्छाशक्ति की कमी भी नहीं आनी चाहिए। शहर में धरातल पर विकास नजर आने के लिए पूरी सजगता एवं गुणवत्ता से कार्य कराए जाएं। महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी निकाय मंत्री एवं विधायक वोरा के प्रति आभार जताते हुए जल्द ही सभी कार्यों को मूर्त रूप देने विश्वास दिलाया।

Leave a Reply