मोदी सरकार पूंजीपतियों की सरकार: गिरीश देवांगन

भाटापारा । केंद्र में बैठी मोदी सरकार पूंजी पतियों की सरकार है, जिसकी वजह से आज देश की हालत निरंतर बिगड़ती ही जा रही है। देश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। महंगाई भी लगातार बढ़ रही है। केंद्र सरकार का किसी पर भी अब नियंत्रण नहीं रह गया है। केंद्र सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी है, जबकि छत्तीसगढ़ सरकार किसान, गरीब व आम लोगों की सरकार है, जो इनके हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। उपरोक्त बातें खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने भाटापारा में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष सरिता सत्यनारायण ठाकुर के निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नोटबंदी का चौथा वर्ष है जिसे कांग्रेस, विश्वासघात के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की भूपेश बघेल सरकार की नीतियों से आज किसान, गरीब व आम जनता खुश है और उनके हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार की अनेक योजनाओं की जानकारी भी दी। धान खरीदी 1 दिसंबर से किए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में खनिज निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने कहा कि बारदाने की आपूर्ति नहीं होने की वजह से ही 1 दिसंबर से धान खरीदी का निर्णय लिया गया और सरकार किसानों से धान खरीदी में कोई कोताही नहीं बरतेगी। गिरीश देवांगन ने आगे कहा कि कांग्रेस मरवाही उपचुनाव में निश्चित रूप से अच्छे मतों के अंतर से जीतेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिहार के एग्जिट पोल दिखाए जा रहे हैं उससे यह साफ है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है और इससे एक बात और साफ हो जाती है कि अब लोगों का मोह एनडीए से भंग हो गया है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव को देखने से एक बात और सामने आई है कि अब जुमलेबाजी से काम नहीं चलेगा। रोजगार और विकास ही देश के लिए प्रमुख मुद्दा होगा। भावनात्मक मुद्दे का अब चुनाव में कोई स्थान नहीं होगा। इसके पूर्व गिरीश देवांगन का भाटापारा पहुंचने पर कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। वार्ता के दौरान राज्य सरकार के निगम मंडल के सदस्य सतीश अग्रवाल, कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि सुनील महेश्वरी, कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुशील शर्मा, पूर्व विधायक चेतराम साहू, ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भरत वर्मा,बकांग्रेस नेता सत्यनारायण ठाकुर, नगरपालिका के उपाध्यक्ष त्रिलोक सलूजा, कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष बृज किशोर अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष आलोक मिश्रा, विक्की ठाकुर, नरेंद्र भूषनिया, हाजी इकबाल, कमल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।

Leave a Reply