भाटापारा । भाटापारा क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाना और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना और साथ ही नगर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। उपरोक्त बातें प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार यादव ने भाटापारा शहर थाने का कार्यभार ग्रहण करने के बाद कहीं । उन्होंने कहा कि शहर को अपराध मुक्त बनाने के लिए तेजी से कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अवैध रूप से और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। कोशिश होगी कि भाटापारा शहर का नाम और अच्छे रूप में जाना जावे। जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि शहर में यातायात की व्यवस्था को दुरुस्त करना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। उनकी कोशिश होगी कि आवागमन में लोगों को परेशानी व तकलीफ ना हो, इसलिए जगह-जगह पर ट्राफिक के अधिकारी कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त सदर बाजार और हटरी बाजार में सुबह 10 बजे से लेकर रात 8 बजे तक चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित होगा। इस बात पर भी ध्यान दिया जाएगा कि शहर के कुछ हिस्सों में अस्थाई पार्किंग सेंटर बनाया जा सके ताकि लोग वहां गाड़ी पार्किंग करके बाजारों में खरीदी बिक्री कर सकें। उन्होंने कहा कि सिर्फ चालान करना ही हमारा उद्देश्य नहीं होगा। लोगों को समझाना ट्रैफिक के नियम बतलाना और उनका पालन करने उन्हें प्रेरित करना भी होगा ताकि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें। इससे सभी को सुविधा होगी। उन्होंने नगर के लोगों से भी यह अपील की है कि वे लोग भी ट्रैफिक नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें। अस्थाई पार्किंग जोन के लिए भी नगर पालिका को साथ लेकर स्थल को चिन्हित किया जाएगा।
भाटापारा क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाना मेरी पहली प्राथमिकता : जितेंद्र यादव
