भाटापारा । मंगलवार और बुधवार को नगर पालिका परिषद और पुलिस प्रशासन के संयुक्त अभियान में बिना मास्क लगाकर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 2 दिनों में 86 लोगों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उनसे जुर्माने के बतौर 9250 रुपए की वसूली की गई और सभी लोगों को मास्क लगाने की चेतावनी दी गई। इस दौरान लोगों को बताया गया कि फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य रूप से करें तथा मास्क भी अनिवार्य रूप से लगाएं। इसके साथ ही सरकार द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का पालन करें और करोना महामारी को रोकने में सहयोग करें। इससे आप स्वयं तो सुरक्षित रहेंगे ही साथ ही अपने परिवार सहित अन्य लोगों को भी सुरक्षित रख सकेंगे। अभियान अभी लगातार दीपावली त्यौहार तक चलता रहेगा। बुधवार को अभियान बस स्टैंड चौक पर पटपट चौक पर और नाका नंबर 1 चौक पर चलाया गये इस अभियान में मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशीष तिवारी, स्वास्थ्य अधिकारी रविंद्र शुक्ला एवं विकास वैष्णव के अतिरिक्त पुलिस विभाग के लोग मौजूद थे। मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने इस दौरान स्वयं लोगों को इस बात की समझाइश दी कि कोरोना वायरस महामारी से हम तभी निपट सकते हैं जब हम सरकार द्वारा बताई गई गाइडलाइन का ईमानदारी से पालन करेंगे अर्थात अनिवार्य रूप से मास्क लगाएंगे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे। मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने समस्त लोगों से अपील की है कि कि लोग जब भी घर से बाहर निकले तो अनिवार्य रूप से मास्क लगाकर ही निकले। उन्होंने कहा कि अभियान जिला कलेक्टर के निर्देश पर चल रहा है। बता दें कि त्योहार के समय बाजार में अत्यधिक भीड़ भाड़ चल रही है, इसलिए लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने दुकानदारों से भी अनुरोध किया है कि वे लोग भी उनके आने वाले ग्राहकों को अनिवार्य रूप से मास्क लगाने के लिए कहें और इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करवाएं।
बिना मास्क घूमने वालों के खिलाफ कार्यवाही, 9 हज़ार से अधिक वसूले
