भाटापारा । राजीव गांधी न्याय योजना की तीसरी किस्त की राशि 1 नवंबर से बैंकों में आ चुकी है। सोमवार से किसानों को मिलना प्रारंभ भी हो गई है। भाटापारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में सोमवार, मंगलवार एवं बुधवार को लगातार राशि लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ बैंक में जमा रही। 3 दिन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा भाटापारा के द्वारा किसानों को दो करोड़ से भी ऊपर की राशि का भुगतान कर दिया गया है। प्रतिदिन 300 से 400 किसानों को राशि का भुगतान बैंक के द्वारा किया जा रहा है। इस मामले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक सुनील एम एस ने बताया कि सोमवार से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सुबह 9:00 से 9:30 के बीच खोल दिया जाता है और दोपहर 2:30 से 3:00 के बीच में समस्त किसानों को राशि का भुगतान कर दिया जाता है। यह कोशिश है कि जल्दी से जल्दी आई राशि किसानों को मिल जाए, इसलिए ऐसी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन 300 से 400 किसानों को करीब 70 लाख रुपए का भुगतान किया जा रहा है। सोमवार, मंगलवार और बुधवार को मिलाकर अब तक लगभग 1000 किसानों को दो करोड़ से भी अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है और अभी प्रतिदिन किसानों को राशि का भुगतान किया जाएगा। इधर किसानों को राशि मिल रही है तो दूसरी तरफ
किसान खरीदी के लिए बाजार का रुख कर रहे हैं जिससे बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है। राशि मिलने से किसानों के चेहरे में भी खुशी की लहर है।
