पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्तिक पुन्नी पर महादेव घाट में किया पुण्य स्नान; भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कार्तिक पुन्नी के पावन अवसर पर हर साल की भांति इस साल भी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए राजधानी रायपुर स्थित महादेव घाट पहुंचकर कार्तिक पुन्नी स्नान कर विधि-विधान से दीपदान किया। श्री बघेल ने कार्तिक स्नान करने के बाद हटकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर कसडोल विधायक संदीप साहू, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित थे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खारुन नदी के किनारे बिराजे हटकेश्वर महादेव की पूजा की जाती है। पवित्र स्नान करने के लिए हज़ारों श्रद्धालु आते हैं और यहाँ एक मेला भी लगता है। यह हमारे छत्तीसगढ़ का सबसे पुराना मेला है, इसके बाद ही सब खेती-किसानी का काम और धान कटाई का काम शुरू करते थे। आस-पास के सभी लोग यहां आते हैं और पुण्य स्नान करके हटकेश्वर महादेव का आशीर्वाद लेते हैं। मैंने भी आज पुण्य स्नान किया और भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ के उत्थान, विकास और यहां के निवासियों की मनोकामना पूरी हो ऐसी प्रार्थना की।