छत्तीसगढ़ सहित देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है दीपावली 

रायपुर । कार्तिक अमावस्या के दिन मनाया जाने वाला दीपों का पर्व दीपावली आज छत्तीसगढ़ सहित देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह त्यौहार अंधकार और निराशा को दूर कर लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाने का प्रतीक है। दीपावली के मौके पर आज लोगों के घर, दीपों और बिजली के रंग-बिरंगे झालरों की रोशनी से जगमगा रहे हैं। ऐसी मान्यता है कि लंका पर विजय हासिल करने के बाद भगवान राम के अयोध्या पहुंचने पर लोगों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। इस दिन की खुशी में यह पर्व मनाया जाता है।

दीपावली के अवसर पर इस समय राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों और कस्बों में लोग मां लक्ष्मी की पूजा कर रहे हैं। घर और आंगन को दीयों सेे रौशन कर दिया गया है। घरों के बाहर आकर्षक रंगोलियां भी सजाई गई हैं। आतिशबाजी से गांव-शहर गूंज रहा है।

दीपावली के मौके पर आज सुबह से ही लोग खरीदारी में लगे रहे। बाजारों में ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग, मिठाइयोें, पटाखों और कपड़ों के अलावा मौसमी फलों की भी खरीदी कर रहे हैं। वहीं, पूजा के लिए देवी लक्ष्मी की आकर्षक मूर्ति, तस्वीरें और घरों को सजाने से संबंधित सामान भी खरीद रहे हैं। समृद्धि का प्रतीक मानी जाने वाली धान की बालियों से बने झालर की मांग भी काफी रही है। ज्योति पर्व दीपावली पर लोगों ने सोना-चांदी के जेवरातों के साथ बर्तन की भी जमकर खरीदारी की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों को दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।