अम्बेडकर में दीपावली के दौरान चिकित्सा व्यवस्था को लेकर विशेष अलर्ट, आपातकालीन विभाग समेत सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

रायपुर। दीपावली त्योहार के दौरान मरीजों को निर्बाध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए, डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर(मेकाहारा) के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था के संबंध में विशेष दिशानिर्देश जारी किए हैं। उन्होंने आपातकालीन विभाग के साथ ही सभी विभागों को त्योहार के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिये हैं। साथ ही आवश्यक दवाओं, इंजेक्शनों और अन्य जीवन रक्षक चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा है, ताकि दीपावली के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों को तत्काल उपचार सुविधा मिल सके।

डॉ. सोनकर ने चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ को आपातकालीन चिकित्सा हेतु सतर्क रहने और आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को तुरंत उपचार प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।

*सार्वजनिक अवकाश के कारण दो दिन बंद रहेगी ओपीडी, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी जारी*

विदित हो कि दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में 8 नवम्बर (रविवार) एवं 9 नवम्बर (गोवर्धन पूजा) को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण अस्पताल का बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा। हालांकि, इस दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं 24 घंटे यथावत संचालित रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि10 नवम्बर (मंगलवार) से ओपीडी का नियमित संचालन पुनः प्रारंभ हो जाएगा।