यात्री बस पेड़ से टकराई, 6 लोगों की मौत

0 मौके पर मची चीख-पुकार, 20 घायल, 4 गंभीर घायलों को अंबिकापुर भेजा गया

रायपुर। मनेंद्रगढ़-केल्हारी मुख्य मार्ग पर गुरूवार को सेमरमथानी मोड़ के समीप एक भीषण और हृदय विदारक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 24 यात्री घायल हो गए है, जिनमें से गंभीर रूप से घायल 4 मरीजों को अंबिकापुर रेफर किया गया है। दरअसल, मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही लगभग 30 यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सीधे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मौके पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों और पुलिस प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य आरंभ कर दिया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम भी घटनास्थल पहुंची। राहत कर्मियों ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत मनेंद्रगढ़ के अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल परिसर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

उपजिलाधिकारी शशिशेखर मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह भी केल्हारी अस्पताल पहुंचीं और मामले की जानकारी लेते हुए राहत कार्यों की समीक्षा की।

मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रूपए की सहायता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस दुर्घटना में 6 लोगों के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 5-5 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।