मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई ढालदास ने थामा कांग्रेस का दामन 

0 भूपेश बघेल ने कराया प्रवेश, ढालदास बोले- जनता जानती है कि भाजपा क्या कर रही है

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई और सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास कांग्रेस में शामिल हो गए है। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीजा-पोरा कार्यक्रम के दौरान उन्हें कांग्रेस में प्रवेश कराया।

ढाल दास ने कहा कि जनता भी जानती है कि भाजपा क्या कर रही है। अगर कांग्रेस मुझे मौका देती है तो मैं मुंगेली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहूंगा। पार्टी जहां से मुझे चुनाव लड़ने के लिए चयनित करेगी, मैं वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं।

उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने से पहले मैंने अपने भाई और पिताजी से बातचीत की थी और उन्हें इस बारे में बताया था। दोनों ने अपनी सहमति दे दी। वहीं उनके भाई मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस हमेशा तोड़ने की नीति से काम करती है।

 *भूपेश बघेल ने दिलाई सदस्यता* 

सतनामी समाज के गुरू और बड़े चेहरे का पार्टी में शामिल होना सियासी गणित बदल सकता है। इस मौके पर भूपेश बघेल ने खुशी जताते हुए कहा कि ढाल दासजी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी को मजबूती मिलेगी और पार्टी अपनी सिद्धांतों पर आगे मजबूती से आगे बढ़ेगी। बता दें कि प्रदेश में भले ही चुनाव अभी दो साल दूर हो, लेकिन अभी से ही सियासी उठापठक शुरू हो गया है। वहीं ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने को राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके परिवार की सामाजिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए कांग्रेस में उनका प्रवेश पार्टी के लिए भी अहम मान रही है।