भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर की बाड़ी में अरहर और अन्य फसलों के बीच गांजे के पौधे उगा रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में गांजे के पौधे बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज के मुताबिक, 26 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भरसा तरहुल निवासी सुभाष कोरेटी (40) अपने घर की बाड़ी में अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर सुभाष कोरेटी को हिरासत में लिया। इसके बाद उसके घर और बाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अरहर और अन्य फसलों के बीच गांजे के छोटे-बड़े पौधे दिखाई दिए। पुलिस ने सभी पौधों को जड़ और मिट्टी सहित जब्त कर लिया। पूछताछ के दौरान अवैध खेती से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मौके से 850 गांजे के पौधे बरामद
पुलिस के अनुसार, मौके से कुल 850 गांजे के पौधे बरामद हुए, जिनका वजन करीब 8 किलो 660 ग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 20(ए) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
