बलरामपुर में भीषण सडक़ हादसा: पिकअप-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में 3 मजदूरों की मौत, 7 लोग गंभीर

अंबिकापुर।  बलरामपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी के पास मजदूरों से भरी पिकअप और बाक्साइट लदे ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सूरजपुर जिले के ग्राम नरोला के 10 मजदूर पिकअप में सवार होकर शंकरगढ़ जा रहे थे। मजदूर वहां टमाटर की खेती के काम के लिए जा रहे थे। सेवारी के पास पहुंचते ही पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे बाक्साइट लदे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूरों को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने रान साय (34), उदय कुमार (25) और अमर साय (35) को मृत घोषित कर दिया। तीनों को सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं।

हादसे में देव कुमार (34), भानू (32), अमर साय (40), लक्ष्मण (30), अजय कुमार (40), राय सिंह (38) और प्रदीप (34) घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायलों में कम से कम चार की हालत बेहद गंभीर है।

दुर्घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर रास्ता खुलवाया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पिकअप की तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।