
रायपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एमपीएमएससी मेन्स अंडर-19 आमंत्रण वन-डे ट्रॉफी 2026 में छत्तीसगढ़ अंडर-19 टीम ने दूसरा मैच गोवा के साथ खेलते हुए शानदार जीत हासिल की। मीराज क्रिकेट मैदान उदयपुर में खेले गए मैच में छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 273 रन बनाए, जिसके जवाब में गोवा की टीम 244 रन पर ऑलआउट हो गई। छत्तीसगढ़ की जीत के हीरो विकेटकीपर बल्लेबाज आदित्य वर्मा रहे, जिन्होंने 147 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। गेंदबाजी में आदित्य बैदवाल ने 3 विकेट लेकर गोवा के बल्लेबाजों पर लगाम लगाई।
*आदित्य वर्मा का शतक, छत्तीसगढ़ ने बनाए 273 रन*
पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ की टीम 47.5 ओवरों में 273 रन पर सिमट गई। आदित्य वर्मा ने विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में सर्वाधिक 147 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और शानदार 5 छक्के लगाए। उनके अलावा आर्यन सिंह ने 39 रन और ललित सोनकर ने 22 रन का योगदान दिया। गोवा की ओर से शमिक कामत ने 4 विकेट और ओम खांडोलकर ने 2 विकेट लिए।

*गोवा 244 पर ढेर*
274 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोवा अंडर-19 की टीम 49.3 ओवरों में 244 रन पर ऑलआउट हो गई। गोवा के लिए विनीत कामत ने 86 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। उनके अलावा आराध्य गोयल ने 34 रन और ध्रुव कामत ने 28 रन बनाए।
छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट लिए। आदित्य बैदवाल ने 3 विकेट, जबकि अगमजोत सिंह और आयुष कुमार सिंह ने 2-2 विकेट झटके। छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों ने गोवा के किसी भी बल्लेबाज को बड़ी साझेदारी नहीं करने दी। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ अंडर-19 ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
