शासकीय सेवकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना पर बैठक संपन्न, शीघ्र लागू करने के निर्देश

रायपुर/ छत्तीसगढ़ शासन के सेवकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा हेतु प्रस्तावित कार्ययोजना को लेकर आज महानदी भवन स्थित कक्ष S2-12 में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया द्वारा की गई ।

बैठक में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के कार्यालय प्रमुखों सहित वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभागीय अधिकारीगण तथा विभिन्न सेवाओं से जुड़े कर्मचारी संघों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने प्रस्तावित कैशलेस चिकित्सा सुविधा की कार्ययोजना का सभी के समक्ष विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।

प्रस्तुतीकरण के उपरांत उपस्थित कर्मचारी संघ प्रतिनिधियों ने योजना को लेकर अपने सुझाव एवं विचार रखे। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं परामर्श को कार्ययोजना में शामिल करते हुए इसे अद्यतन (अपडेट) किया जाए तथा शीघ्र ही इसे लागू करने की योजना पर काम करने के निर्देश भी दिए गए।

उल्लेखनीय है कि यह योजना राज्य के शासकीय सेवकों को चिकित्सा उपचार के दौरान नकद भुगतान की परेशानियों से मुक्ति दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।