रायपुर में भाजपा-कांग्रेस के बीच टकराव की स्थिति, पुलिस ने किया वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल

रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव के आह्वान के विरोध में बुधवार को रायपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। कांग्रेस कार्यालय के घेराव के लिए पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी, धक्का-मुक्की और संघर्ष जैसे हालात बन गए, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को हालात नियंत्रित करने के लिए पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। बाद में आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। जानकारी के अनुसार पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी। बैरिकेडिंग कर भाजपा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने का प्रयास किया। जिससे माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई तथा दोनों राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी आमने-सामने आ गए। स्थिति बेकाबू होती देख प्रशासन ने पहले वाटर कैनन से भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया, लेकिन जब प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। आंसू गैस के कारण प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई कार्यकर्ता और नेता वहां से दूर हट गए, जबकि पुलिस ने भीड़ को पीछे धकेलकर स्थिति पर नियंत्रण किया। घटना के दौरान पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।

 *सरकार संसद में चर्चा को तैयार, कांग्रेस निम्न स्तर की राजनीति कर रही है* 

भाजपा प्रदर्शन को लेकर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि काँग्रेस का शर्मनाक कृत्य सामने आया है. इनके नेता प्रधानमंत्री आवास के सामने बैठकर अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं. हमारे देश के शीर्ष पद पर बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अपशब्द कहना बेहद शर्मनाक बात है. इसका आक्रोश जनता और कार्यकर्ताओ में है. इसी का विरोध करने हम आज काँग्रेस मुख्यालय की ओर कूच करने निकले हुए है. आंसू गैस दागे जाए चाहे वाटर कैनन चलाया जाए, हमारे नेता मोदी जी के ख़िलाफ अपशब्द सुनने के बाद कार्यकर्ता रुकने नहीं वाले हैं. सरकार संसद में चर्चा को भी तैयार है, लेकिन कांग्रेस निम्न स्तर की राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है.

 *राहुल गाँधी ने आंदोलन को भड़काने की कोशिश की* 

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष ने कल जैसा आचरण दिखाया है।जिस प्रकार से नियमों को तोड़कर प्रधानमंत्री आवास के बाहर बैठा गया है. राहुल गाँधी ने आंदोलन को भड़काने की कोशिश की है. राहुल गांधी का कृत्य संविधान और लोकतंत्र के विपरीत है. ऐसा आचरण संवैधानिक पद पर रहते हुए व्यक्ति को शोभा नहीं देता है. राहुल गाँधी का कृत्य हमारे देश के लिए दुर्भाग्यजनक है. संसद में विपक्ष चर्चा के लिए भाग रहा है, क्योंकी इनके पास तर्क नहीं है, तथ्य नहीं है. विपक्ष की मानसिकता केवल लोकसभा की कार्रवाई को बाधित करना और देश में अराजकता फैलाना ही है.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया भाजपा कार्यालय का घेराव, पत्थर फेंकने का आरोप 

बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी किया। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस के संरक्षण में भाजपा के लोगों ने कांग्रेस भवन में हमला करने आए थे। इसी के विरोध में यह घेराव किया गया। कांग्रेस नेताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हमारी महिला कार्यकर्ताओं को पीटा गया और पत्थर भी फेंका गया है। कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए इसकी निंदा की है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार रात को लोकभवन (आंबेडकर चौक) के बाहर भारी विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई थी।

*यह प्रदर्शन नहीं था, बल्कि बीजेपी द्वारा किया गया एक हमला था: बैज

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह कोई प्रदर्शन नहीं था, बल्कि बीजेपी द्वारा किया गया एक हमला था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपाई लाठी, डंडे और पत्थर लेकर कांग्रेस दफ्तर पहुंचे थे।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन में 6 मंत्री शामिल हुए।उन्होंने भड़काऊ भाषण दिया। जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पत्थर और पानी के बोतल फेंके। इस प्रदर्शन में हमारे कई कार्यकर्ता घायल हुए और पुलिस मुख दर्शक बनकर देखती रही।

*हमारे स्वाभिमान के मंदिर पर हमला बर्दाश्त नहीं* 

छत्तीसगढ़ एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने बताया कि हमारे सैकड़ों साथियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को लोहे के चने चबा दिए। जब-जब सत्ता के अहंकार में डूबे दलाल और कायर हमारे स्वाभिमान के प्रतीक ‘कांग्रेस भवन’ की तरफ मैली नज़र उठाएंगे, तब-तब इसी तरह चट्टान बनकर रास्ता रोका जाएगा! ना हम लाठियों से डरे हैं, ना पानी की बौछारों से झुके हैं! यह लड़ाई हक, सच और स्वाभिमान की है—और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक अन्याय और तानाशाही को उखाड़ नहीं फेंकते!”सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं!”