रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) में आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार के मंत्री और भाजपा के सभी विधायक मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि बैठक में 13 जुलाई से शुरू होने वाले पांच दिवसीय मानसून सत्र को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इस दौरान सदन में सरकार की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों, विपक्ष के संभावित सवालों के जवाब, विभिन्न विभागों की तैयारियों और सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही विधायकों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को लेकर भी मंथन किया गया।
भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि विधायक दल की बैठक में मानसून सत्र की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष के हर सवाल का तथ्यात्मक और प्रभावी जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
बैठक शुरू होने से पहले मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आगामी मानसून सत्र के लिए सरकार की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि विधायक दल की बैठक में सत्र के दौरान उठने वाले विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है, ताकि सदन में सरकार मजबूती के साथ अपना पक्ष रख सके।
मानसून सत्र से पहले प्रदेश में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस पहुंचकर मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक आगामी मानसून सत्र की तैयारियों और सदन के सुचारु संचालन को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी विधानसभा अध्यक्ष से अलग से मुलाकात कर सत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इन बैठकों को आगामी मानसून सत्र की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
