0 बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरेघाट की घटना
बेमेतरा। दाढ़ी थाना से लगभग 2 किलोमीटर दूरी पर स्थित ग्राम घोरेघाट में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी देवर ने अपनी भाभी और भतीजी की बांस के डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम लगभग 7 से 7:30 बजे के बीच की है। दाढ़ी थाना से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित ग्राम घोरेघाट निवासी हेमलाल आडील (45 वर्ष) ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी भतीजी शकुंतला आडील (18 वर्ष)पर बांस के डंडे से सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। बेटी की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां कुमारी बाई आडील (50 वर्ष) बीच-बचाव करने पहुंची। बेटी को बचाने का प्रयास कर रही कुमारी बाई पर भी आरोपी ने कई वार किए। इससे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट लगने से मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कारण डहरिया ने बताया कि दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतकों के घर से निकलकर जोर-जोर से चिल्लाते हुए गांव की ओर भाग रहा था। वह कह रहा था कि परिवार के किसी सदस्य को जिंदा नहीं छोड़ेगा। उसने लोगों के सामने यह भी कहा कि दो लोगों को मार चुका है और अन्य लोगों को भी मार देगा। आरोपी की इस धमकी से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना ग्राम कोटवार नंदकुमार गंधर्व ने तत्काल दाढ़ी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस तत्काल गांव पहुंची और भाग रहे आरोपी हेमलाल आडील को गांव वालों की मदद से पकड़ लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी रोहित यादव एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का फोरेंसिक एक्सपर्ट सीएसपी एवं आसपास के थाना नवागढ़, चदनू खंडसरा की पुलिस भी गांव पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बेमेतरा भेज दिया।
दो बच्चों ने भागकर बचाई अपनी जान
मृतकों की पहचान शकुंतला आडील (18 वर्ष) पिता खेलन दास आडील तथा उसकी मां कुमारी बाई आडील (50 वर्ष) पति खेलन दास आडील निवासी ग्राम घोरेघाट के रूप में हुई है। वहीं आरोपी हेमलाल आडील (45 वर्ष) पिता धनीराम आडील को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बेमेतरा एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि मृतका कुमारी बाई के पति खेलन आडील वर्तमान में अपने तीन बेटों के साथ कमाने खाने के लिए हैदराबाद गए हुए हैं। परिवार में कुल सात संतानें हैं, जिनमें चार बेटियों और तीन बेटों का विवाह हो चुका है। सबसे छोटी बेटी शकुंतला अपनी मां के साथ गांव में रहती थी। घटना के समय घर में पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे। कारण डहरिया ने बताया कि मृतका की बड़ी बेटी की दो छोटी-छोटी बच्चे जो की घटना के दहशत से आसपास भाग कर अपनी जान बचाई।
पूर्व में भी सजा काट चुका है आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हेमलाल आडील का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस के अनुसार वह पूर्व में थाना नवागढ़ के अपराध क्रमांक 65/2016 में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और 506 के तहत दर्ज मामले में सजा काट चुका है। बताया जाता है कि उस मामले में वह अपनी ही मां के साथ दुष्कर्म के आरोप में दोषी पाया गया था।
