
कांकेर। कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम कलगांव में शुक्रवार सुबह को आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। मनरेगा के तहत चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य के दौरान बिजली गिरने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं घायल हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कलगांव में लगभग 70 ग्रामीण तालाब गहरीकरण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में कुल आठ मजदूर आ गए। हादसे में संतोष पटेल, प्रकाश पटेल और मनराज पटेल (उप सरपंच) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल एक महिला की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया जा रहा है।
हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के परिजनों को शीघ्र आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित उपचार की मांग की है।
