पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव सफल: प्रेसक्लब पदाधिकरियों ने स्थानीय संपादक संजीव वर्मा और वरिष्ठ सहयोगियों का किया सम्मान 

रायपुर। प्रेस क्लब रायपुर द्वारा आयोजित ‘पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव’ के शानदार ढंग से संपन्न होने के उपरांत प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने ‘अमृत संदेश’ कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने समाचार पत्र के संचालकों और संपादकीय टीम से मुलाकात कर उत्सव को सफल बनाने में मिले सहयोग के प्रति अपना आभार प्रकट किया।

प्रतिनिधिमंडल ने ‘अमृत संदेश’ के संपादक संजीव वर्मा एवं अन्य वरिष्ठ सहयोगियों से सौजन्य भेंट की और उन्हें पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव का विशेष प्रतीक चिन्ह (लोगो) भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्सव की उपलब्धियों के साथ-साथ आने वाले समय में पत्रकारों के हित में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी मंथन किया गया, जिस पर वरिष्ठ संपादक संजीव वर्मा ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव को मीडिया संस्थानों, पत्रकार साथियों और समाज के विभिन्न वर्गों से जो अभूतपूर्व समर्थन मिला है, उसके लिए प्रेस क्लब आभारी है। यह आयोजन पत्रकारिता के गौरव, मूल्यों और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारियों को मजबूत करने में सफल रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रेस क्लब भविष्य में भी पत्रकारों के कल्याण, कौशल विकास, संवाद और सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों का दायरा और बढ़ाएगा।

इस अवसर पर प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा “भारतीय”, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े सहित प्रेस क्लब के सम्माननीय सदस्य और ‘अमृत संदेश’ परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।