छत्तीसगढ़ के पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव बीकेएस रे नहीं रहे 

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशासनिक जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। राज्य के पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) और 1972 बैच के वरिष्ठ रिटायर्ड आईएएस अधिकारी बीकेएस रे का बुधवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और रायपुर एम्स (AIIMS) में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही प्रशासनिक, शैक्षणिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। 1 जून 1949 को जन्मे बीकेएस रे वर्ष 2009 में अतिरिक्त मुख्य सचिव के गरिमामयी पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और संस्थागत विकास व प्रशासनिक क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने अपनी कलम को ताकत बनाया और साहित्य लेखन में पूरी तरह जुट गए। उन्होंने अपने साहित्यिक जीवन में 54 से ज्यादा चर्चित किताबें लिखीं, जिनमें उपन्यास, कविता संग्रह और नाटक शामिल हैं। उनकी रचनाओं में प्रशासनिक अनुभव, सामाजिक सरोकार और भ्रष्टाचार विरोधी विषयों की साफ झलक मिलती थी। ‘द बॉय फ्रॉम भुनेश्वर’ और ‘द ब्लाइंड हॉरिज़ॉन’ जैसी उनकी कृतियां काफी लोकप्रिय रहीं। साहित्य के क्षेत्र में उनके इसी अतुलनीय योगदान के लिए साल 2019 में उन्हें ग्रीस में अंतरराष्ट्रीय ‘सुकरात अवॉर्ड’ से नवाजा गया था। प्रशासनिक सेवा से जुड़े तमाम अधिकारियों ने उन्हें एक कुशल प्रशासक और संवेदनशील साहित्यकार के रूप में याद करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।