आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर राजधानी रायपुर में हुआ वॉकथॉन का आयोजन

रायपुर। आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज छत्तीसगढ की राजधानी रायपुर मे आकाशवाणी द्वारा वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमे आकाशवाणी के कर्मचारी, सेवानिवृत्त अधिकारी, समाचार वाचक, श्रोता और शहर के प्रमुख नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दूरदर्शन रायपुर के उप महानिदेशक संजय कुमार मिश्रा थे । विशेष अतिथि के रूप मे पत्र सूचना कार्यालय रायपुर के उप निदेशक रमेश जयभाय और माय भारत के क्षेत्रीय प्रमुख अर्पित तिवारी शामिल हुए ।
वॉकथॉन आज सुबह लगभग सात बजे सिविल लाइंस स्थित आकाशवाणी भवन से शुरू हुआ। यह शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आकाशवाणी परिसर में ही समाप्त हुआ। यह आयोजन आकाशवाणी के गौरवशाली 90 वर्षों के सफर को यादगार बनाने के लिए किया गया है। बहुजन हिताय बहुजन सुखाय के आदर्श वाक्य के साथ आकाशवाणी की स्थापना आठ जून 1936 में हुई थी। यह देश का सर्वाधिक विश्वसनीय प्रसारण माध्यम है, जो विभिन्न भाषाओं में समाचार बुलेटिन के अलावा संगीत, मनोरंजन, प्रेरक और जनोपयोगी कार्यक्रमों का प्रसारण करता है।