कोविड मरीजों के लिए रायपुर में 560 आक्सीजन युक्त बेड जल्द ही

रायपुर / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर राज्य के कोविड मरीजों के लिए शीघ्र ही 560 आक्सीजन युक्त बेड की व्यवस्था की जा रही है। जिनमें राजधानी स्थित लालपुर अस्पताल में 100 बेड और आयुर्वेदिक अस्पताल में 400 बेड और ई एस आई सी अस्पताल में 60 बेड बढ़ाये जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इंडोर स्टेडियम में भी आक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था की गई है । अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद प्रदेश में कोविड मरीजों के लिए कुल 30 हजार 270 बेड हो जाएंगे जिनमे गंभीर मरीजों के लिए 560 आक्सीजन युक्त बेड भी शामिल हैं।
ज्ञात हो कि प्रदेश में कुल 29 कोविड अस्पताल और 186 कोविड केयर सेंटर है । अस्पतालों में 3551 बेड और कोविड केयर सेंटर में 25560 बेड उपलब्ध हैं। राज्य के 19 निजी चिकित्सालय भी कोविड मरीजों का इलाज कर रहे है जिनमें 1304 बेड हैं। कोविड अस्पतालों में 2775 जनरल ,406 आई सी यू और 370 एच डी यू बेड हैं।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए विभाग ने बेड की उपलब्धता बढ़ाना और चिकित्सकों को प्रशिक्षण देना मार्च से ही शुरू कर दिया था। मार्च मंे जहां 54 आई सी यू बेड थे जिसे जून में 406 तक बढ़ाया गया। एच डी यू हाई डिपेंन्डेन्सी बेड मार्च में नही थे जिसे मई में 100 किया गया, अगस्त में 370 किया गया। मार्च में जनरल बेड केवल 446 थे जिसे अगस्त में 28335 किया गया जो कि एक बड़ी उपलब्धि है। इस प्रकार मार्च में जहां प्रदेश में 500 बेड उपलब्ध थे जिसे बढाकर अगस्त में 30270किया गया । सभी अस्पतालों में प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं स्टाफ द्वारा मरीजों का समुचित उपचार किया जा रहा है और देखभाल की जा रही है।
रायपुर जिले में 29 केंद्रों पर निःशुल्क कोरोना जांच
कोरोना वायरस संक्रमितों की पहचान के लिए रायपुर जिले में 29 केंद्रों पर सैंपल संकलित कर जांच की जा रही है। कोविड-19 के संभावित मरीज या कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए लोग इन केंद्रों में सैंपल देकर निःशुल्क जांच करा सकते हैं। रायपुर शहर में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों खोखोपारा, लाभांडी और उरला के साथ ही शंकर नगर से विधानसभा जाने वाले मार्ग में स्थित बाल आश्रयस्थल, गुढ़ियारी के भारत माता चौक स्थित सियान सदन, चंगोराभाठा सांस्कृतिक भवन और भनपुरी बाजार चौक में मितानिन भवन में कोविड-19 की पहचान के लिए स्वाब सैंपलों की जांच की जा रही है। इन केंद्रों में सवेरे दस बजे से दोपहर दो बजे तक जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। जिला अस्पताल पंडरी, कालीबाड़ी टीबी अस्पताल और बिरगांव शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। संदिग्ध मरीज सवेरे दस बजे से शाम पांच बजे तक इन सेंटरों में पहुंचकर जांच करवा सकते हैं। रायपुर और बिरगांव के साथ ही जिले के माना सिविल अस्पताल तथा अभनपुर, आरंग, धरसीवां एवं तिल्दा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी कोरोना की जांच के लिए सैंपल संकलित किए जा रहे हैं। मंदिरहसौद, चंदखुरी, रीवां, फरफौद, कुरूद, कुटैला, मानिकचौरी, चंपारण, खोरपा, तोरला, मांढर, दोंदेकलां, सिलयारी और खिलौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी कोविड-19 की पुष्टि हेतु जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। इन सभी केन्द्रों पर सवेरे दस बजे से दोपहर दो बजे तक सैंपल दिए जा सकते हैं।

Leave a Reply