भाटापारा। नीट परीक्षा में शामिल होने वाले जिले के सभी छात्रों के लिये कलेक्टर सुनील कुमार जैन के निर्देश पर छात्रों एवं उनके अभिभावकों के लिये निःशुल्क वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिये सारी तैयारियां आज पूरी कर ली गयी है। अपर कलेक्टर राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि आगामी 13 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के लिये जिले के 124 छात्रों ने अपना पंजीयन कराया है। इन छात्रों का परीक्षा केंद्र रायपुर,बिलासपुर, भिलाई,गौरेला एवं दुर्ग शहरों में है। जहां रायपुर में 87 छात्र,बिलासपुर में 25, भिलाई,8 गौरेला में 3 एवं दुर्ग में 1 छात्र पेपर देने जायेंगे। उन्होंने आगें बताया की बलौदाबाजार,पलारी,कसडोल,एवं बिलाईगढ विकासखण्ड में निवास करने वाले विद्यार्थियों के लिए वाहन की व्यवस्था कलेक्टर कार्यालय परिसर बलौदाबाजार में रहेगी जो सुबह 6 बजे अपने अपने परीक्षा केन्द्र हेतु प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार भाटापारा एवं सिमगा विकासखण्ड में निवास करने वाले विद्यार्थियों के लिये वाहन व्यवस्था उनके अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय भाटापारा एवं सिमगा परिसर में रहेगी जो सुबह 6 बजे परीक्षा केन्द्र के लिये रवाना होगी। निःशुल्क परिवहन सुविधा हेतु जिले के पंजीकृत छात्र 13 सिंतबर को निर्धारित समय एवं स्थान पर पहुंच कर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करे। ताकि निर्धारित समय पर सभी छात्र अपने अपने परीक्षा केंद्र में पहुंच सके। श्री गुप्ता ने बताया कि छात्राओं को अपने साथ एक अभिभावक ले जाने की सुविधा प्रदान की गई है। वर्तमान में नोवेल कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए समस्त छात्र एवं अभिभावक अपने साथ मास्क एवं सेनेटाईजर अवश्य रखे। साथ ही आवागमन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग एवं दिये गये निर्देशो का पालन सुनिश्चित करेंगे।
नीट परीक्षा के लिये निःशुल्क वाहनों से जायेंगे छात्र एवं अभिवावक
