
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे हुए बीरगांव के रावाभाठा इलाके के वार्ड क्रमांक 13 में उस समय हड़कंप मच गया। जब एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध सामान बरामद किया गया। मामला सामने आते ही खमतराई थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। शुरुआती जांच में बैग के अंदर से बैटरी, वायर, एयरगन, कैमिकल की बोतलें और डेटोनेटर जैसी सामग्री मिली है। इलाके में देर रात तक पुलिस की आवाजाही बनी रही और आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। रायपुर बम मटेरियल मामला अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है। अधिकारियों के मुताबिक यह पूरा मामला रविशंकर शुक्ल वार्ड के रावाभाठा इलाके का है। जिस मकान से संदिग्ध सामान मिला, वह मितानिन पुष्पा साहू का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम बीरगांव निवासी विनय देवांगन नाम का युवक एक बैग लेकर वहां पहुंचा था। उसने कुछ समय के लिए बैग रखने की बात कही और वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि बैग को लेकर घर वालों को शक हुआ। मामला थोड़ा अजीब लगा तो इसकी सूचना वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैग काफी भारी था और उसे लेकर घर में भी चर्चा हुई थी।
*बरामद सामान का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था, जांच जारी*
डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद सामान का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सामान विनय देवांगन का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि विनय किसी कांग्रेस नेता का साला है, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में पुष्टि नहीं की है।
