पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के दिनदहाड़े अपहरण का प्रयास, पुलिस ने चार को पकड़ा

राजनांदगांव। पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के अपहरण का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारी सुकुलदैहान चौकी पहुंचे और मामले की जांच कर रहे हैं। यह घटना राजनांदगांव जिले के सुकुलदैहान चौकी क्षेत्र की है। सुकुलदैहान निवासी समाजसेविका पद्मश्री फूलबासन बाई यादव अपने घर में थीं। इस दौरान बेमेतरा जिले के चार लोग उनके घर आए। इनमें दो महिला और दो पुरुष शामिल हैं, जो उनके पूर्व परिचित थे। चारों ने पहले उनसे बातचीत की और फिर उन्हें अपनी कार में बैठाया। दिव्यांग से तस्वीर लेने की बात कहकर उन्हें जबरदस्ती कार में बैठाया गया। इसके बाद उन्हें पकडक़र मुंह में कपड़ा रखकर हाथ-पैर को पकडक़र जबरदस्ती ले जाया जा रहा था। अपहरणकर्ताओं का यह प्रयास सफल नहीं हो सका

यातायात पुलिस की सतर्कता

शहर के चिखली चौकी के पास यातायात पुलिस जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने फूलबासन बाई को कार में देखा। फूलबासन बाई ने पुलिसकर्मियों को देखकर हाथ हिलाया और मदद के लिए आवाज दी। एक यातायात पुलिसकर्मी ने उनकी आवाज सुनी, जिसके बाद अपहरण के पूरे मामले का खुलासा हुआ। यातायात पुलिस की सजगता से अपहरणकर्ताओं को तुरंत पकड़ा गया।

पुलिस कर रही पूछताछ

सुकुलदैहान पुलिस ने चारों लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के बाद ही इस पूरे मामले में और खुलासे किए जाएंगे।